उत्तर प्रदेश- अलीगढ़ नगर निगम की सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने वाले कॉल सेंटर में ड्यूटी के दौरान रील बनाना एक आउटसोर्स कर्मचारी को भारी पड़ गया। महिला कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी गई है।
कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में नगर निगम के कॉल सेंटर में तैनात आउटसोर्सिंग कॉल टेकर अंजू चौधरी पर आरोप है कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल से रील बनाए जाने का ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
पूरा मामला संज्ञान में आने के बाद नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा ने इसे सरकारी कार्य और दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही माना। जारी आदेश में कहा गया कि संबंधित कर्मचारी के कृत्य से नगर निगम की छवि प्रभावित हुई है। दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता बरतने के कारण सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।

