नई दिल्ली: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर हैं। बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, जम्मू-कश्मीर भारत का अहम अंग है। गोर ने कहा, उन्हें कश्मीर आकर काफी खुशी हुई है। सर्जियो गोर ने कहा कि वह पहली बार जम्मू-कश्मीर आए हैं और इस जगह को देखकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने उमर अब्दुल्ला के साथ हुई मुलाकात को बेहद अच्छा बताया। अमेरिकी राजदूत ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई और अमेरिका भारत के साथ अपने रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है।
पीओके में नरसंहार कर रही पाकिस्तानी सेना
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पीओके में पाकिस्तानी सेना आम नागरिकों का नरसंहार कर रही है। कई निर्दोष नागरिकों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। साथ ही जरूरी सामानों पर भी रोक लगा दी गई है। वहां की जनता अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की गुहार लगा रही है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सर्जियो गोर से मुलाकात के बाद कहा, ‘यह एक बहुत अच्छी बैठक थी। हमें दोनों देशों के बीच संबंधों पर चर्चा करने का मौका मिला, जिसमें खास तौर पर इस बात पर ध्यान दिया गया कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए क्या कर सकता है। जाहिर है कुछ पुराने मुद्दे हैं जिन्हें हम समय के साथ सुलझाने की कोशिश करेंगे लेकिन हम इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। अब्दुल्ला ने कहा, हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले सालों में अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच जुड़ाव और गहरा और व्यापक होगा।’

