रायपुर। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का प्रतिनिधि मंडल आज कोष लेखा एवं पेंशन के संचालक से मुलाकात करने एवं संगठन के मनोभाव से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपने इंद्रावती भवन पहुंचा। लेकिन संचालक की अनुपस्थिति में अपर संचालक श्री केएन रवि को ज्ञापन सौंपा गया। संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि दिनांक 22 जनवरी को कोष लेखा एवं पेंशन के वित्त नियंत्रक तिलक सोरी द्वारा संभागीय संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन परिसर में छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संभागीय संयुक्त संचालक के सहायक संचालक राकेश साहू को अभद्रतापूर्वक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी के समक्ष गालीगलौज की गई। अत: संघ ऐसे अमर्यादित अधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्यवाही कर संचालनालय से अंयत्र पदस्थापना करने का निवेदन करता है। संघ के महामंत्री सुखीराम धृतलहरे ने कहा कि इस मामले पर तत्काल कार्यवाही करें अन्यथा राज्य में संघ को उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

