हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर 29 वर्षीय वकील ने फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
इस हालत में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के पधर बाजार का है। मृतका की पहचान दिवांशु ठाकुर, पुत्री कपूर चंद, गांव बीर धीयूं तुंगल (सदर) जिला मंडी के रूप में हुई है। दिवांशु चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद वकालत का अभ्यास कर रही थीं। बताया जा रहा है कि दिवांशु पद्धर बाजार में अपनी मां के साथ किराए के कमरे में रहती थीं। बुधवार दोपहर को खाना खाने के बाद दोनों आराम कर रही थीं। करीब 3 बजे उनकी मां किसी काम से बाजार चली गईं। शाम को जब वह क्वार्टर पहुंची और कमरे के अंदर गई तो उनकी बेटी फंदे से लटकी हुई थी। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हुए। आनन-फानन में युवती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सुसाइड नोट बरामद
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतका ने मानसिक रूप से परेशान होने की बात लिखते हुए अपनी मां और छोटे भाई से माफी मांगी है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने मामले की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि मृतका की मां वंदना ठाकुर कांग्रेस नेता है।

