नई दिल्ली: नेपाल-चीन के सीमावर्ती इलाकों में बुधवार सुबह आई भीषण बाढ़ ने नेपाल में भारी तबाही मचाई है। करीब 400 से अधिक लोग लापता हो गए हैं, जबकि 16 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर शोक व्यक्त किया। साथ ही पीएम मोदी ने नेपाल को हर संभव मानवीय और राहत सहायता देने का भी आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि, ‘प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की। इस मुश्किल समय में भारत के लोग नेपाल में अपने भाई-बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। हमारी टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए मिलकर काम कर रही हैं।
नेपाल भेजी जाएगी 30 टन राहत सामग्री
वहीं नेपाल के विदेश मंत्रालय ने भारत और चीन से मदद की गुहार लगाई है। नई दिल्ली ने भी राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए तेजी से राहत सामग्री भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। भारत की ओर से करीब 30 टन राहत सामग्री नेपाल भेजी जाएगी।
आज ही राहत सामग्री लेकर रवाना होगा वायुसेना का विमान
जानकारी के अनुसार, आज बुधवार को ही भारतीय वायुसेना का एक विमान नेपाल राहत सामग्री लेकर रवाना होगा। इसके अलावा एक और एयरफोर्स विमान को कल राहत सामग्री के साथ रवाना करने की तैयारी की जा रही है। भारत सरकार की ओर से नेपाल को जल्द से जल्द जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। दोनों विमानों के जरिए बड़ी मात्रा में राहत सामग्री नेपाल पहुंचाई जाएगी, जिससे प्रभावित लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाई जा सके।

