मोहाली : मोहाली के चर्चित डिंपल हत्याकांड में फेज-11 थाना पुलिस ने करीब 300 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। पुलिस ने 90 दिन की समय सीमा के भीतर यह चार्जशीट पेश की है। इसमें 35 गवाहों के बयान, घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग, खून से सने कपड़े, बैंक अकाउंट की डिटेल, बातचीत के स्क्रीनशॉट और आरोपी द्वारा ऑनलाइन मंगाए गए दो चाकू को अहम सबूत बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हरजिंदर सिंह मान और डिंपल एक ही कंपनी में काम करते थे। दोनों के वर्क स्टेशन भी आसपास थे। करीब तीन साल तक साथ काम करने के दौरान दोनों की दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता प्यार में बदल गया। कुछ समय बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया। पुलिस का कहना है कि ब्रेकअप के बाद आरोपी मानसिक रूप से परेशान था और डिंपल से रिश्ता दोबारा सुधारने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बात नहीं बन पाई।
ऑफिस में हुआ था खूनी हमला
4 जून को मोहाली के फेज-11 स्थित SRP यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी के ऑफिस में शाम करीब 7:30 बजे यह वारदात हुई। डिंपल कंपनी की डिस्पैच टीम में काम करती थी। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी उसके केबिन में पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने चाकू निकालकर डिंपल पर हमला कर दिया। हमले के दौरान डिंपल जान बचाने के लिए ऑफिस में भागती रही, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा। पुलिस के अनुसार करीब 35 सेकेंड में आरोपी ने युवती पर करीब 30 बार चाकू से वार किए। अचानक हुए हमले से ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
आरोपी ने भी की थी जान देने की कोशिश
डिंपल पर हमला करने के बाद आरोपी हरजिंदर ने खुद की गर्दन पर भी चाकू से वार कर जान देने की कोशिश की। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आरोपी का इलाज किया गया। 9 जून को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
वारदात से पहले ऑनलाइन मंगाए थे दो चाकू
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात से पहले ऑनलाइन दो चाकू मंगाए थे। पुलिस ने दोनों चाकू बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा आरोपी के खून से सने कपड़े, डिंपल के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी भी चार्जशीट का हिस्सा बनाई गई है।
35 गवाहों में 5 चश्मदीद
पुलिस ने जांच के दौरान करीब 35 लोगों को गवाह बनाया है, जिनमें पांच चश्मदीद गवाह भी शामिल हैं। घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज को भी केस में अहम सबूत माना गया है। पुलिस ने वारदात से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक और फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए हैं।
अब अदालत में होगी अगली कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब अदालत में मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी। गवाहों के बयान, CCTV फुटेज, बरामद हथियार और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर केस की कार्रवाई होगी। आरोपी हरजिंदर सिंह मान फिलहाल रोपड़ जेल में बंद है।

