इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र के खालसा चौक पर रात के समय पुलिस चेकिंग के दौरान एक महिला और पुलिसकर्मियों के बीच हुई बातचीत और बहस का वीडियो सामने आया है. वीडियो में महिला पुलिसकर्मियों पर उसके परिजनों से ड्रिंक एंड ड्राइव के नाम पर 10 हजार रुपये की अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाती नजर आ रही है. महिला पुलिस अधिकारी से चालान बनाने और पैसे लेने को लेकर सवाल करती है, जिसके बाद दोनों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है.
महिला द्वारा 10 हजार की अवैध वसूली के आरोपों की जांच
वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस अधिकारियों ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है. हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए 10 हजार रुपये की अवैध वसूली के आरोपों की जांच की जा रही है.
इस पर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने स्पष्ट किया कि घटना की जानकारी पुलिस के संज्ञान में है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. अधिकारी ने मौके पर मौजूद जांचकर्ता सब-इंस्पेक्टर चौहान का हवाला देते हुए बताया कि पुलिस टीम रात में नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान महिला को भी चेकिंग के लिए रोका गया था, लेकिन पुलिस की ओर से महिला का कोई चालान नहीं बनाया गया था.
महिला और पुलिसकर्मियों के बीच वास्तव में क्या हुआ?
दंडोतिया के मुताबिक वीडियो के आधार पर मौके की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है. महिला और पुलिसकर्मियों के बीच किस बात को लेकर विवाद या बहस हुई, उस दौरान वास्तव में क्या हुआ और आरोपों की वास्तविकता क्या है, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

