टोंक: जिले के नगरफोर्ट में थप्पड़कांड के मामले में टोंक जेल में बंद नरेश मीणा को शनिवार दोपहर अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच टोंक के सआदत अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया है। इधर, इस खबर से नरेश के समर्थकों में चिंता की लहर फैल गई है। समर्थकों ने जेल प्रशासन पर नरेश के स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही का आरोप लगाया है।
नरेश को सीने में दर्द की हुई शिकायत
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नरेश मीणा को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। उन्हें अब तत्काल आईसीयू में एडमिट कर उपचार शुरू कर दिया गया है। नरेश की ईसीजी रिपोर्ट सामान्य आई है, जबकि रक्त जांच (ब्लड रिपोर्ट) आनी बाकी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि उनका इलाज कहां किया जाएगा। वहीं समर्थक उनके बेहतर उपचार के लिए उन्हें जयपुर ले जाने की मांग कर रहे है।
समर्थकों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप
नरेश मीणा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही उनके समर्थक बड़ी संख्या में सआदत अस्पताल के बाहर जुटने लगे। इस दौरान पूर्व सरपंच आरडी गुर्जर ने जेल प्रशासन पर नरेश के स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है। समर्थकों दावा है कि नरेश मीणा बीते 7-8 दिनों से सीने और पीठ में दर्द परेशान हैै, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने जेल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
राजेंद्र गुढ़ा ने भी उठाया था यह मामला
बता दें कि पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने भी बीते दिनों नरेश मीणा के स्वास्थय को लेकर मीडिया में सवाल उठाया था। उन्होंने 22 अगस्त को जेल मेें नरेश से मुलाकात की थी। उनकी नरेश से करीब एक घंटे तक मुलाकात हुई। इसको लेकर पूर्व सरपंच ने कहा कि जब पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा जेल में नरेश मीणा से मुलाकात करने पहुंचे थे, तब भी मीणा ने सीने में दर्द की बात कही थी। इसके बाद गुढ़ा ने मीडिया के समक्ष उनके खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया था। गुढ़ा ने भी नरेश को अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराने की मांग की थी, लेकिन इसके बाद भी जेल प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।

