गुड़हल का फूल देखने में जितना खूबसूरत होता है, उतना ही इसे पुराने समय से त्वचा की देखभाल के लिए भी इस्तेमाल किया जाता रहा है. इसके फूल में मौजूद प्राकृतिक गुण त्वचा को मुलायम बनाए रखने और चेहरे पर निखार लाने में मदद कर सकते हैं. अगर चेहरे पर दाग-धब्बे, रूखापन या बेजानपन नजर आने लगा है, तो आप गुड़हल के फूलों से घर पर आसान सा फेसपैक (Hibiscus Face Pack) तैयार कर सकती हैं.
गुड़हल से फेसपैक बनाने के लिए क्या चाहिए?
इस फेसपैक को बनाने के लिए 2-3 ताजे गुड़हल के फूल, 1 चम्मच एलोवेरा जेल और 1 चम्मच दही ले लें. अगर आपकी त्वचा बहुत रूखी है, तो इसमें आधा चम्मच शहद भी मिला सकती हैं.
ऐसे तैयार करें गुड़हल का फेसपैक
- सबसे पहले गुड़हल के फूलों को अच्छी तरह पानी से धो लें.
- इसके बाद फूल की पंखुड़ियां अलग करके उन्हें पीस लें.
- आप चाहें तो पंखुड़ियों को थोड़ा-सा पानी डालकर मिक्सी में भी पीस सकती हैं.
- अब इस पेस्ट में एलोवेरा जेल और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- अगर त्वचा ड्राई है, तो इसमें थोड़ा शहद भी मिला लें.
Hibiscus Face Pack: चेहरे पर कैसे लगाएं?
फेसपैक लगाने से पहले चेहरे को हल्के फेसवॉश से साफ कर लें. इसके बाद तैयार किए गए पैक को चेहरे और गर्दन पर एक पतली परत में लगाएं. इसे आंखों और होंठों के आसपास लगाने से बचें. करीब 10-15 मिनट तक इसे चेहरे पर लगा रहने दें. जब पैक हल्का सूख जाए, तो सामान्य पानी से चेहरा धो लें.
दाग-धब्बों पर कैसे करेगा काम?
गुड़हल में प्राकृतिक पौधों से मिलने वाले कई यौगिक और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. वहीं एलोवेरा त्वचा को नमी देने में मदद करता है और दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की ऊपरी परत को हल्के तरीके से एक्सफोलिएट करने में मदद कर सकता है. इन चीजों का मिश्रण त्वचा को मुलायम और तरोताजा दिखाने में मदद कर सकता है.
Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी और घरेलू त्वचा देखभाल से जुड़ी जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है. किसी भी घरेलू नुस्खे को चेहरे पर इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. त्वचा संबंधी किसी समस्या या एलर्जी की स्थिति में विशेषज्ञ की सलाह लें.

