भोपाल में ‘हनुमान अंश’ फिल्म के गायक सुनील लोधी ने CM मोहन यादव से मुलाकात की। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील ने फिल्म के लिए बुंदेली गीत गाया है। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
मध्य प्रदेश के उभरते बुंदेली गायक सुनील लोधी की प्रतिभा को बड़ा सम्मान मिला है. जन्म से दृष्टिबाधित होने के बावजूद अपनी आवाज के दम पर पहचान बनाने वाले सुनील लोधी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की. फिल्म ‘हनुमान अंश’ में गाए उनके लोकप्रिय गीत से प्रभावित मुख्यमंत्री ने न सिर्फ उन्हें 1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की, बल्कि उनकी पढ़ाई, संगीत प्रशिक्षण और आंखों के इलाज में भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और ऐसे कलाकारों को हरसंभव मंच उपलब्ध कराया जाएगा.
दरअसल, गुरुवार को सागर निवासी युवा बुंदेली गायक सुनील लोधी ने भोपाल स्थित समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद सुनील ने अपनी प्रतिभा से अलग पहचान बनाई है, जो अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है.
1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुनील लोधी और उनके माता-पिता का सम्मान किया. उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से सुनील लोधी को एक लाख रुपये की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
इलाज और संगीत शिक्षा में भी मिलेगा सहयोग
मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए आवश्यक सहयोग देने की बात भी कही. साथ ही उन्होंने कहा कि चूंकि सुनील बचपन से ही संगीत के प्रति समर्पित हैं, इसलिए उन्हें औपचारिक संगीत शिक्षा पूरी करने में भी मदद दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ऐसे होनहार कलाकारों को आगे लाने की दिशा में भी काम किया जाएगा.

