रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. (कर्नल) एस.के. पाटील ने 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कृषि महाविद्यालय, रायपुर में राष्ट्रध्वज फहराया एवं तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन राष्ट्रीय गर्व का दिवस है। हमारे देश ने एक गणतंत्र के रूप में अल्प समय में ही काफी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत के चिकित्सकों एवं वैज्ञानिकों ने महामारी पर नियंत्रण हेतु प्रशंसनीय कार्य किया और नौ महीने के अल्प समय में ही हमने वैक्सीन विकसित की है और आज पूरी दुनिया हमारी तरफ काफी उम्मीद से देख रही है। डॉ. पाटील ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और आज यह विश्वविद्यालय बड़ी संख्या में कुशल मानव संसाधन तैयार कर रहा है जो राज्य के कृषि विकास में योगदान दे रहे हैं। डॉ. पाटील ने इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रमुखों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस समारोह में संचालक अनुसंधान, डॉ. आर.के. बाजपेयी, निदेशक विस्तार, डॉ. एस.सी. मुखर्जी, निदेशक शिक्षण, डॉ. एम.पी. ठाकुर, निदेशक प्रक्षेत्र, डॉ. जी.के. दास, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय, रायपुर डॉ. एस.एस. राव, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता, डॉ. एम.पी. त्रिपाठी, सहित प्राध्यापक, वैज्ञानिक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. (मेजर) जी.के. श्रीवास्तव ने किया।
