रायपुर। अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने संगठन द्वारा आयोजित किए जाने वाले आगामी प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में राज्यपाल को विस्तृत जानकारी दी। साथ ही समाज की ओर से राज्यपाल रमेन डेका को इस गरिमामयी आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महासभा की विभिन्न गतिविधियों और सामाजिक व पर्यावरणीय दायित्वों के संबंध में राज्यपाल को अवगत कराया।
130 वर्ष पुरानी सामाजिक संस्था के योगदान पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल रमेन डेका को अवगत कराया कि अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा देश भर में कार्यरत लगभग 130 वर्ष पुरानी और प्रतिष्ठित संस्था है। छत्तीसगढ़ राज्य में भी यह संगठन निरंतर सक्रिय है और इसके पदाधिकारी व सदस्य सामाजिक समरसता, वरिष्ठों, युवाओं तथा महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
प्रतिनिधिमंडल में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे शामिल
मुलाकात करने वाले अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभूषण वर्मा के नेतृत्व में प्रदेश महामंत्री (युवा प्रकोष्ठ) योगेश वर्मा तथा बेमेतरा जिला अध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) प्रज्जवल वर्मा मुख्य रूप से शामिल रहे।


