खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में सात महीने की गर्भवती महिला की एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिला उस व्यक्ति के साथ रिश्ते में थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी सागर ओड़ेया (20) को गिरफ्तार किया है।
यह मामला उस वक्त सामने आया जब रविवार को मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव के पास जंगल से सिनीता सारुकड (19) का शव मिला। महिला आर्की थाना क्षेत्र के बरुहातु गांव की रहने वाली थी। खुंटी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) मंगल सिंह जामुदा ने बताया, ”पीड़िता सात महीने की गर्भवती थी। वह दो साल से अधिक समय से आरोपी के साथ रिश्ते में थी। चार सितंबर को सागर उसे जंगल ले गया और फिर धारदार हथियार (दौली) से उसका गला रेत दिया।”
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल ली और जांच अधिकारियों को बताया कि महिला उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन वह उससे दूर होना चाहता था, क्योंकि वह दो महीने पहले आदिवासी ‘धुकू’ रीति-रिवाज के तहत किसी अन्य महिला को घर लाया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। मुरहू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।

