इंस्टाग्राम रील का चक्कर में फंसकर आजकल लोग ऐसा-ऐसी हरकतें कर बैठते हैं, जो उनको बहुत भारी पड़ जाती हैं. उत्तर प्रदेश के झांसी से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है. एक लड़के को इंस्टा रील के लिए स्टंट करना बहुत भारी पड़ गया. रील के जुनून ने उसे कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया. 30 साल का पुष्पेंद्र रील बनाने के लिए दोस्तों के साथ डैम पहुंचा था. वहां उसके साथ बड़ा हादसा हो गया.

30 फीट ऊंचाई से बांध में लगाई छलांग

पुष्पेंद्र ने करीब 30 फीट ऊंचाई से बांध में छलांग लगा दी. नीचे पानी कम था तो युवक चट्टान पर जा गिरा और उसके दोनों पैर टूट गए. ये स्टंट उसके लिए जानलेवा साबित हुआ. उसके दोनों पैरों में भयंकर चोट लग गई. पुष्पेंद्र जब ऊंचाई से डैम में कूद रहा था तब ऊपर खड़े उसके दोस्त उसका वीडियो बना रहे थे. हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें उसके छलांग से पहले दोस्त मजाक में कहते सुनाई दे रहे हैं-“भगवान तेरी आत्मा को शांति दे.” इस हादसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. ये घटना रविवार की बताई जा रही है.

डैम में कूदते ही दोनों पैर टूटे

मामला झांसी के पहुंज डैम का है. जहां सोशल मीडिया रील के लिए युवक ने जिंदगी दांव पर लगा दी. रक्सा थाना क्षेत्र के परवई गांव का रहने वाला पुष्पेंद्र अपने दोस्तों के साथ डैम के व्यू प्वाइंट पर गया था. वह रेलिंग फांदकर करीब 30 फीट ऊंचाई से स्टंट करते हुए नीचे कूद गया. लेकिन पानी कम होने के चलते वह चट्टान पर जा गिरा और दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए.

पानी कम होने की वजह से चट्टान पर गिरा

युवक को इतनी गंभीर चोट लगी थी कि वह पानी से बाहर भी नहीं निकल पा रहा था.पैर काम न करने की वजह से वह पानी में डूबने लगा.किसी तरह हाथों के सहारे तैरते हुए उसने बाहर निकलने की कोशिश की. जैसे ही आसपास के लोगों ने उसकी स्थिति देखी तो तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.

एक पैर में रोड पड़ी, दूसरे की भी सर्जरी

 दोस्तों ने आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया. उनके दोनों पैर टूट गए हैं. डॉक्टर्स ने उसके एक पैर में रोड डाली है.दूसरे पैर का भी ऑपरेशन होना है. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि चंद सेकंड की रील के लिए किया गया स्टंट किस तरह जिंदगी भर का दर्द दे सकता है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version