कटड़ा: मशहूर इंडियन टीवी और फिल्म निर्माता एकता कपूर आज मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए कटड़ा पहुंची। इस दौरान वह भक्ति के रंग में रंगी नजर आईं।
जानकारी के अनुसार टीवी की क्वीन एकता कपूर आज कटड़ा में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद पाने के लिए भवन पहुंची। इस दौरान उन्होंने भवन में पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद लिया। उनके कटड़ा आगमन पर वहां आए अन्य श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार इस यात्रा दौरान एकता कपूर ने सफेद रंग का कुर्ता-प्लाजो पहना हुआ था। माथे पर तिलक लगाए हुए वह अपनी इस यात्रा दौरान भक्ति रंग में रंगी नजर आईं।
कौन हैं एकता कपूर
एकता कपूर भारत की मशहूर निर्माता और निर्देशक हैं। उन्होंने कई मशहूर टीवी सीरियल्स से अपनी पहचान बनाई है। उनके पिता जितेंद्र कपूर भी मशहूर अभिनेता हैं जिन्होंने अपने अभिनय से पूरी दुनिया का दिल जीत लिया। इसके अलावा एकता कपूर के भाई तुषार कपूर भी अपने अभिनय के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने अलग अंदाज से फिल्मी जगत में अपनी पहचान बनाई है।
टीवी की क्वीन के नाम से मशहूर
एकता कपूर अपनी इंडस्ट्री में बेहतरीन टीवी सीरियल्स के निर्माण के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने ‘कहानी घर घर की’, ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘पवित्र रिश्ता’ जैसे घर-घर देखे जाने वाले और लोकप्रिय सीरियल्स को प्रोड्यूस किया। इन्हीं घरेलू सीरियल्स के चलते उन्हें टीवी की क्वीन कहा जाता है। इतना ही नहीं उन्होंने और भी कई फिल्मों और OTT प्लेटफॉर्म्स में बेहतरीन काम किया है। उन्होंने कई नए कलाकारों और सितारों को अपने सीरियल्स में काम देकर बड़ी पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

