नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में कहासुनी के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू से वार कर कथित रूप से हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि युवक के शरीर पर चाकू से वार के 17 निशान मिले हैं। उसने बताया कि बृहस्पतिवार रात सात बजकर 54 मिनट पर मंडावली थाने में इस घटना के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मंडावली स्थित ज्ञान वाटिका स्कूल के पास पहुंची।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायल वंश डेढ़ा (22) को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके शरीर पर चाकू से वार के 17 निशान मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कहासुनी के बाद करावल नगर निवासी केशव कुमार (22) ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वंश का कथित तौर पर पीछा किया। दोनों ने ज्ञान वाटिका स्कूल के पास धारदार हथियार से वंश पर कई बार वार किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मंडावली थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी केशव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे हमलावर की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल चाकू और घटना के समय पहने आरोपियों के कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली गई है। उसने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

