नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से जुड़ी फोटो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की हैं। इस फोटो में पीएम मोदी चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का हाथ पकड़े नजर आ रहे हैं।
पीएम मोदी, व्लादिमीर पुतिन और शी चिनफिंग का ये फोटो BRICS 2026 के मंच से दुनिया को एक मजबूत संदेश देने वाला है।
पीएम मोदी ने पुतिन-चिनफिंग के साथ शेयर की फोटो
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ये फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 दिल्ली में शुरू हो गया है।’
इस पोस्ट में प्रधानमंत्री ने एक ऐसी फोटो भी शेयर की, जिसमें पीएम मोदी, चिनफिंग और पुतिन के साथ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान भी नजर आए।
BRICS शिखर सम्मेलन हुआ शुरू
भारत में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की शुरुआत हो गई है। दो दिन के इस शिखर सम्मेलन के लिए दुनिया के कई बड़े नेता देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंच गए हैं। सम्मेलन के शुरू होने की घोषणा भी पीएम मोदी ने इन फोटो को शेयर करने के साथ ही कर दी है।
इस समिट के दौरान कई अहम द्विपक्षीय बैठकें जारी हैं। इन बैठकों की शुरुआत आज दोपहर प्रधानमंत्री मोदी की इस अपील के साथ हुई कि ‘ग्लोबल साउथ’ को फैसला लेने वाला बनना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ‘ग्लोबल साउथ’ देशों के नीति-निर्माताओं को वैश्विक बातचीत में शामिल होने के लिए जरूरी जानकारी और ट्रेनिंग देने को तैयार है।

