Viral News: अलास्का (Alaska) के बर्फीले बेरिंग सागर (Bering Sea) में जहां पानी का तापमान शून्य से नीचे रहता है. वहां 15 साल के लड़के की हिम्मत के आगे मौत भी घुटने टेक गई. अपनी पलटी हुई नाव पर बच्चा 3 दिन तक बिना कुछ खाए पिए बर्फीली लहरों के बीच जिंदगी की जंग लड़ता रहा. आखिरकार उस बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है. जबकि उसके दो भाइयों के शव बरामद हुए हैं. 15 वर्षीय बच्चे के रेस्क्यू से जुड़ा वीडियो वायरल हो रहा है. बच्चे की इस हिम्मत की जमकर तारीफ हो रही है.
3 दिन तक नाव से चिपका रहा लड़का
US कोस्ट गार्ड के अनुसार, बर्फीले बेरिंग सागर में पलटी नाव पर 3 दिनों तक टिके रहे लड़के को बचा लिया गया है. नाव पलटने से उसके भाई और कजिन की मौत हो गई. जबकि 15 वर्षीय लड़का किसी तरह खुद को बचाते हुए पलटी नाव के ऊपर जाकर चिपक कर बैठ गया. मछली पकड़ने वाली नाव द नॉर्थवेस्ट एक्सप्लोरर के कैप्टन का कहना है कि लड़का करीब 3 दिनों तक नाव से चिपका रहा. एडम व्हाइट ने कहा कि वह बहुत हिम्मत वाला बच्चा है.
परिवार के सदस्यों द्वारा तीनों के लापता होने की सूचना देने के बाद कोस्ट गार्ड के विमानों और हेलीकॉप्टरों ने सोमवार सुबह नाव की तलाश शुरू की.
सेंट लॉरेंस द्वीप से निकला था ग्रुप
AP न्यूज एजेंसी के अनुसार, अधिकारियों ने तीनों के नाम ज़ाहिर नहीं किए. कोस्ट गार्ड ने बताया कि यह ग्रुप बीते शुक्रवार को सेंट लॉरेंस द्वीप (Saint Lawrence Island) से निकला था और रविवार सुबह लौटने की योजना बना रहा था. कोस्ट गार्ड ने कहा कि सोमवार सुबह उसके एक एयर क्रू ने लड़के को देखा और “द नॉर्थवेस्ट एक्सप्लोरर” से संपर्क करने से पहले एक राफ़्ट और ज़रूरी सामान नीचे गिराया. रेस्क्यू ऑपरेशन के वीडियो में लड़का चमकीली पीली जैकेट पहने पलटी हुई नाव के ऊपर घुटनों के बल बैठा दिखाई दे रहा है.

