नई दिल्लीः उत्तर पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को एक गोदाम-सह-कारखाने में आग लगने के बाद उसकी बगल में स्थित इमारत से कुछ लोग दहशत में कूद गए जिससे महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आग जूडो की पोशाक और बॉक्सिंग दस्ताने बनाने वाली फैक्टरी के भूतल और पहली मंजिल पर लगी थी। उन्होंने बताया कि आग लगने के समय परिसर के अंदर कोई मौजूद नहीं था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हालांकि, फैक्टरी से सटी इमारत में रहने वाले लोगों में दहशत उत्पन्न हो गई, जिसके कारण महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग इमारत से कूद गए और घायल हो गए।” अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा को आग लगने की सूचना पूर्वाह्न 11 बजकर पांच मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की 15 गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने बताया कि दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और अब आग पूरी तरह से बुझा दी गई है। पुलिस ने कहा कि आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का पता लगाया जा रहा है। उसने कहा कि घटना में घायल हुए लोगों की पहचान और उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

