रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बाइक चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. आरोपी निर्मल धाकड़ (28) चाबी लगी बाइक को अपना निशाना बनाया करता था. बाइक चोरी करता और पेट्रोल खत्म होने के बाद उसे कहीं भी छोड़कर फरार हो जाता था. लेकिन इस बार सीसीटीवी कैमरों ने उसकी पोल खोल दी. पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और जब वो दोबारा चोरी की फिराक में नजर आया तो पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ लिया. पूछताछ में पांच बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है. रायगढ़ शहर में बाइक चोरी की एक के बाद एक कई घटनाएं सामने आईं.  हर वारदात में एक जैसा पैटर्न दिखा. रायगढ़ कोतवाली पुलिस के सामने चुनौती थी कि आखिर कौन है, जो शहर में लगातार बाइक चोरी कर रहा है? पुलिस ने जब अलग-अलग जगहों के CCTV कैमरे खंगाले, तो एक संदिग्ध बार-बार नजर आया.

19 से 21 सितंबर के बीच शहर के अलग-अलग इलाकों से पांच दोपहिया वाहन चोरी हुए. पुलिस ने फुटेज को जोड़ा, तो सभी वारदातों में एक ही संदिग्ध दिखाई दिया. इसी बीच, 24 सितंबर को पुलिस को खबर मिली कि गौशाला के पास एक युवक बाइक चोरी की कोशिश कर रहा है. पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों को संदिग्ध की तस्वीर दिखाई और पहचान की पुष्टि होते ही तलाश शुरू हुई.

संदिग्ध आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा किया और वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान हुई. आरोपी मध्य प्रदेश के ग्वालियर का रहने वाला है.

पुलिस पूछताछ में क्या पता चला?

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, उसके मुताबिक वो 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी महिला मित्र से मिलने आया था. रायगढ़ पहुंचने के बाद पैसे खत्म हुए और फिर खर्च चलाने के लिए उसने बाइक चोरी करना शुरू कर दिया. उसका तरीका भी खास था. जिस बाइक या स्कूटी में चाबी लगी मिलती, उसे लेकर फरार हो जाता. घूमने के बाद जब पेट्रोल खत्म होता, तो वाहन वहीं छोड़ देता.

लेकिन पुलिस की जांच ने उसके इस खेल पर ब्रेक लगा दिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पांच बाइक बरामद की, जिनकी कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये है. इनमें बीडपारा से चोरी हुई एक्टिवा, मधुबनपारा से चोरी हुई होंडा, लक्ष्मीपुर शिशु मंदिर के सामने से चोरी हुई होंडा साइन, लाल टंकी चौक से चोरी हुई होंडा साइन और जिला अस्पताल से चोरी हुई पल्सर शामिल है.

CCTV फुटेज के जरिए पुलिस संदिग्ध तक पहुंची. जब आरोपी दोबारा चोरी की फिराक में निकला तो पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. फिलहाल, आरोपी जेल पहुंच चुका है लेकिन पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि कहीं इस आरोपी ने रायगढ़ में और भी वाहन चोरी की वारदातों को तो अंजाम नहीं दिया.

कोतवाली पुलिस की कार्रवाई से पांच वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन में चाबी छोड़कर न जाएं. सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा करें और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को जानकारी दें.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version