मायानगरी मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े बड़े नामों पर इनकम टैक्स (IT) डिपार्टमेंट का बड़ा शिकंजा कस गया है. जांच एजेंसी ने मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और दिग्गज फिल्म प्रोड्यूसर वासु भगनानी के साथ-साथ पैनोरमा स्टूडियोज के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की है. फिल्म फाइनेंसिंग के नाम पर विदेशी लेनदेन और संदेहास्पद फंड्स को लेकर मुंबई में करीब 12 अलग-अलग लोकेशनों पर यह सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. वासु भगनानी के बेटे जैकी भगनानी के ठिकानों पर भी छापेमारी हुई.
इनकम टैक्स विभाग को पुख्ता इनपुट मिले थे कि फिल्मों के निर्माण और फंडिंग की आड़ में भारी रकम को कथित तौर पर विदेशों में डायवर्ट किया जा रहा है. इसी विदेशी फंडिंग ट्रेल और टैक्स चोरी के नेटवर्क को खंगालने के लिए आयकर विभाग की कई टीमें एक साथ मैदान में उतरी हैं. अधिकारी मौके पर मौजूद वित्तीय दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड्स और बैंक ट्रांजेक्शन की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं. इस बड़ी कार्रवाई से बॉलीवुड और प्रोडक्शन हाउस से जुड़े गलियारों में भारी हड़कंप मच गया है.

