नई दिल्ली। फ्लाईदुबई के विमान में हुए घटनाक्रम के दौरान अदम्य साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमकर सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्मित ने गंभीर खतरे के बीच धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री ने भी माना है कि एक भारतीय ने 9/11 जैसी त्रासदी को टाल दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्मित मच्छार की बहादुरी पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्मित के पिता भूपेंद्र, मां गीता और पत्नी सोनल से भी बातचीत की है। स्मित का फिलहाल उपचार चल रहा है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से उनके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील की। मोदी ने कहा कि स्मित ने जिस तरह संकट के समय धैर्य और अपनी सूझबूझ का परिचय दिया, उससे बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने कैप्टन स्मित को देश का गौरव बताते हुए उनके साहस को सलाम किया।

