मुजफ्फरनगर में एक रिश्ते का ऐसा खौफनाक अंत हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर दिया. जिस पति के साथ जिंदगी बिताने का वादा था, वही पत्नी कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश में शामिल निकली. रतनपुरी के अंबरपुर जंगल में 27 सितंबर को प्रवीण उर्फ परविंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. पुलिस के मुताबिक, प्रेमी संग शादी की चाहत में पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची और हत्या के बाद जमीन बेचकर 10 लाख रुपये देने का सौदा तय किया था. मामले में पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

पहले दोस्ती, फिर प्रेम और पति बना रास्ते का कांटा

एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, प्रवीण और विकास की दोस्ती थी और विकास का उसके घर आना-जाना था. इसी दौरान रेखा और विकास के बीच नजदीकियां बढ़ीं. पुलिस का कहना है कि वर्ष 2019 से दोनों के बीच प्रेम संबंध था. रेखा पति के शराब पीने और मारपीट करने से परेशान थी और विकास से शादी करना चाहती थी. जब प्रवीण को दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया. इसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता था.

जंगल में बुलाकर गोलियों से कर दी हत्या

पुलिस के मुताबिक, प्रवीण की हत्या की साजिश में विकास ने अपने साथियों राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को शामिल किया. योजना के तहत राजा ने नया मोबाइल और सिम खरीदा. इसी फोन से प्रवीण को अंबरपुर गांव के जंगल में बुलाया गया. आरोप है कि वहां पहले से विकास और उसके साथी मौजूद थे. इसके बाद राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह ने प्रवीण को गोली मार दी. हत्या के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गये.

हत्या के बाद जमीन बेचकर पैसे देने की बात

पुलिस जांच में सामने आया कि रेखा ने पति की हत्या के बाद जमीन बेचकर 10 लाख रुपये देने का वादा किया था. पुलिस के अनुसार, विकास ने हत्या के बाद राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को तीन-तीन लाख रुपये देने की बात तय की थी. राजा पर प्रवीण के करीब डेढ़ लाख रुपये बकाया भी थे और वह कई बार पैसे मांग चुका था.

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

रतनपुरी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच करते हुए रेखा, उसके प्रेमी विकास, राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम संबंध, पति का विरोध और जमीन बेचकर रकम देने की साजिश सामने आयी है.

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version