नई दिल्ली. एशियाई खेलों में आज चौदहवें दिन के खेल में भारत को तीसरा और कुल 13वां गोल्ड मेडल मिल चुका है. आर्चरी के बाद बॉक्सिंग में ये दिन का दूसरा स्वर्ण पदक है. लवलीना बोरगोहन के बाद परवीन हुड्डा ने भी सुनहरा पंच जमाया. अब से कुछ ही देर बाद अंकुश पंघाल भी गोल्ड के मेडल के लिए ही रिंग में उतरेंगे. दोपहर साढ़े तीन बजे भारतीय महिला हॉकी टीम भी चीन के खिलाफ फाइनल मुकाबले में गोल्ड मेडल के लिए भिड़ेगी. भारत ने हॉकी में 1982 के बाद से स्वर्ण पदक नहीं जीता है, इसलिए टीम इस 44 साल के लंबे सूखे को खत्म करने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी. दिन की शुरुआत भारतीय महिला तीरंदाजों ने गोल्ड मेडल के साथ की.
एशियन गेम्स 2026: परवीन हुड्डा के नाम फाइनल, महिला बॉक्सिंग में एक और गोल्ड
परवीन हुड्डा ने महिलाओं की 65 किलो वेट कैटेगरी के फाइनल में चाइनीज ताइपे की मुक्केबाज चिन नीन-चिन को कड़े मुकाबले में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया, ये भारत को मिलने वाला कुल 13वां स्वर्ण पदक था. हरियाणा के रोहतक की 26 वर्षीय इस युवा बॉक्सर का यह पहला एशियन गेम्स मेडल है.
एशियन गेम्स 2026, 14वां दिन लाइव अपडेट्स: सेपकटकरा में भारत को ब्रॉन्ज
एशियन गेम्स के तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में भारत ने जापान को 2-0 से शिकस्त देकर शानदार अंदाज में कांस्य पदक अपने नाम किया. रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने दोनों सेटों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 15-12 और 15-13 से जीत दर्ज की और सीधे सेटों में मुकाबला जीतकर पोडियम पर अपना स्थान पक्का किया.
एशियन गेम्स 2026, 14वां दिन लाइव अपडेट्स: पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर मेडल
भारतीय पुरुष रिकर्व टीम ने खिताबी मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ कड़ा संघर्ष करते हुए एशियाई खेलों में रजत पदक अपने नाम किया है. फाइनल के तीसरे सेट में भारत की शुरुआत अच्छी रही, जहां नीरज चौहान ने 10 अंक और यशदीप भोगे व धीरज बोम्मादेवरा ने 9-9 अंक बटोरे, लेकिन दूसरी रोटेशन में नीरज के 7 अंक के निशाने से भारत की उम्मीदों को झटका लगा और टीम 54 अंक पर ही सिमट गई. इसके बाद दक्षिण कोरियाई दिग्गजों ली वूसेक, किम जे डोक और किम वूजिन ने सटीक निशाने साधकर सेट और कुल 5-1 से मैच अपने नाम करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया, जिससे धीरज, यशदीप और नीरज की तिकड़ी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा.
एशियन गेम्स 2026, 14वां दिन लाइव अपडेट्स: पहलवान सुजीत कलकल फाइनल में
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने इतिहास रचते हुए पुरुषों की 65 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में धमाकेदार एंट्री कर ली है. सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन कोतारो कियोका को मात देकर सभी को हैरान कर दिया. इस शानदार जीत के साथ ही सुजीत ने भारत के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है. अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुदिएव से होगा, जहां उनकी नजरें स्वर्ण पदक अपने नाम करने पर टिकी होंगी.
एशियन गेम्स 2026, 14वां दिन लाइव अपडेट्स: पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम फाइनल में, पदक पक्का
भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम ने सेमीफाइनल में ईरान को 6-0 से करारी शिकस्त देकर शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश कर लिया है. भारतीय तिकड़ी – धीरज बोम्मादेवरा, नीरज चौहान और यशदीप भोगे ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा. भारत ने शुरुआती दोनों सेट 58-53 और 56-53 से जीतकर 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली. तीसरे सेट में ईरान ने जोरदार वापसी करते हुए 29 अंक बनाए, लेकिन भारत ने शानदार 56 अंक बनाकर कड़े मुकाबले में 56-55 से सेट और मैच अपने नाम कर लिया. इस शानदार जीत के साथ अब भारतीय पुरुष टीम स्वर्ण पदक के लिए दक्षिण कोरिया के खिलाफ उतरेगी.


