नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस ने अमेरिकी डॉलर कम दर पर उपलब्ध कराने का झांसा देकर करीब 25 लाख रुपये की कथित ठगी करने के मामले में 32-वर्षीय एक आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को तिलक मार्ग थाने में वसंत पंचाल की शिकायत पर करीब 25 लाख रुपये की ठगी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के संपर्क में एक व्यक्ति आया था, जिसने अपना नाम ”चिराग पटेल” बताया और अमेरिकी दूतावास तथा जेएलएल कंपनी में काम करने वाले लोगों से संपर्क होने का दावा किया था।

नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को कम दर पर अमेरिकी डॉलर उपलब्ध कराने और बाद में उन्हें अधिक दर पर बदलकर मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शिकायतकर्ता से दूतावास या वाणिज्य दूतावास के किसी व्यक्ति से मुलाकात कराने और रुपये को अमेरिकी डॉलर में बदलने के बहाने करीब 25 लाख रुपये नकद लिये गए। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और उसे सूरत से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान फेरिन हर्षदराय पटेल के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से ठगी की रकम का कुछ हिस्सा, ठगी के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली, मुंबई और सूरत में ठगी तथा इसी तरह के मामलों से जुड़े छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि ठगी की बाकी रकम बरामद करने तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version