नैरोबी। केन्या के तटीय शहर मोम्बासा जाने वाले मुख्य राजमार्ग पर शनिवार को कई वाहनों की आपस में हुई भीषण टक्कर में 13 लोगों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में मारे गए अधिकांश लोग तीर्थयात्री थे, जो एक धार्मिक स्थल पर प्रार्थना के लिए जा रहे थे।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हादसा सलामा इलाके में आधी रात के बाद हुआ। एक ट्रक चालक ने आगे चल रहे दूसरे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन पर से संतुलन खो बैठा।
ट्रक के अचानक अनियंत्रित होकर मुड़ने से सामने से आ रहे वाहन उसकी चपेट में आ गए, जिनमें तीर्थयात्रियों से भरी एक वैन भी शामिल थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।
वैन चालक समेत 13 लोगों की मौत
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे के शिकार वैन के चालक और उसमें सवार 12 यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वैन में कुल कितने यात्री सवार थे और उनमें से कोई जीवित बचा है या नहीं, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

