नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज असम और पश्चिम बंगाल राज्यों का दौरा करेंगे. वह असम में सुबह लगभग 11:45 बजे दो अस्पतालों का शिलान्यास करेंगे और सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली में राज्य के राजमार्गों और प्रमुख जिला सड़कों के लिए समर्पित एक कार्यक्रम ‘असोम माला’ का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद, लगभग शाम 4:50 बजे वह राष्ट्र को समर्पित करने के लिए पश्चिम बंगाल के हल्दिया में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे.
असम में ‘असोम माला’ की होगी शुरुआत
पीएम मोदी राज्य में राजमार्गों और प्रमुख जिला सड़कों के नेटवर्क को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘असोम माला’ का शुभारंभ करेंगे. यह कार्यक्रम निरंतर क्षेत्र डेटा संग्रह के माध्यम से प्रभावी रखरखाव पर जोर देने और सड़क संपत्ति प्रबंधन प्रणाली के साथ इसके जुड़ाव के लिए अद्वितीय है. ‘असोम माला’ राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों के नेटवर्क के साथ-साथ निर्बाध मल्टी-मॉडल परिवहन की सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण अंतर-संपर्क मार्ग प्रदान करेगी. यह परिवहन गलियारों के साथ आर्थिक विकास केंद्रों को भी आपस में जोड़ने का काम करेगा और इससे अंतर-राज्य कनेक्टिविटी में सुधार होगा. असम के मुख्यमंत्री इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे.
