नई दिल्ली। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए अब जंतर-मंतर के बजाय तीन नए स्थान निर्धारित किए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया है। अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को धरना-प्रदर्शन के लिए नए स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, गृह मंत्रालय ने नागरिकों के धरना-प्रदर्शन के अधिकार को ध्यान में रखते हुए मौजूदा निर्धारित स्थल के विकल्पों पर विचार करने के लिए एक समिति गठित की थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
तीनों स्थलों के लिए अलग से जारी होगी नई प्रक्रिया
आदेश में कहा गया है कि तीनों नए स्थलों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी। यानी प्रदर्शन आयोजित करने से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी बाद में दी जाएगी। दिल्ली पुलिस का यह आदेश 28 अप्रेल 2022 को जारी पूर्व के स्थायी आदेश संख्या एलएंडओ/48/22 में आंशिक संशोधन के रूप में जारी किया गया है।
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच फैसला
दिल्ली पुलिस का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब राष्ट्रीय राजधानी में निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी इंडिया गठबंधन ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला जाना है। विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। विपक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
इस बीच, जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी जारी रही। रविवार को इलाके की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए थे। प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे, ताकि यातायात नियंत्रित किया जा सके और बिना अनुमति भीड़ जुटने से रोका जा सके।
नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होने की आशंका
विपक्ष के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की चेतावनी जारी की। यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 30 स्थानों पर प्रतिबंध या मार्ग परिवर्तन लागू किए जाने की आशंका जताई गई।
धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पटेल चौक, पंचकुइयां, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, लोदी रोड फ्लाईओवर, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर समेत कई प्रमुख मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा जंतर-मंतर रोड, अशोक रोड, संसद मार्ग और टॉल्स्टॉय मार्ग पर भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

