इस वक्त केरल से एक हृदयविदारक खबर सामने आ रही है, जिसमें कुदरत ने एक 6 साल की बच्ची से एक नहीं दो-दो बार मां का साया छीन लिया। खबर है कि सड़क हादसे में एक अनाथ बच्ची (6) ने एक बार फिर अपनी मां को खो दिया है। असल में दो सप्ताह पहले ही बच्ची को दुर्घटना की शिकार सैली (46) और उनके पति ने गोद लिया था। पुलिस ने इस दर्दनाक मामले की जानकारी देते हुए बताया है कि सैली एट्टुमानूर के मनारकाड-पट्टिथानम बाईपास के पास रविवार रात बच्ची के साथ जेबरा क्रॉसिंग पार कर रही थी, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी। उन्होंने बताया है कि महिला की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी और बच्ची का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया है कि कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था और उसकी तलाश जारी है। खबरों के अनुसार सैली और उनके पति की कोई संतान नहीं थी और दो सप्ताह पहले ही उन्होंने बच्ची को गोदी लिया था। इस दर्दनाक हादसे के बाद बच्ची एक बार फिर यतीम हो गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

