रायपुर। माघी पुन्नी मेला श्रद्धालुओं का त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान के साथ प्रारंभ हो गया।, जो महाशिवरात्रि 11 मार्च तक चलेगा। संगम में प्रतिवर्ष 50 हजार से एक लाख लोग आज के दिन जुटते थे लेकिन इस बार कोरोना के चलते 10 हजार लोग ही जुटे। श्रद्धालु स्नान करने त्रिवेणी संगम में सुबह 3 बजे से पहुंच गए थे और दोपहर 2 बजे यानी 11 घंटे तक स्नान का क्रम चलता रहा।मेले से सोशल डिस्टेंसिंग गायब थी, न ही किसी ने मास्क लगाया था। जैसी कि उम्मीद थी सरकारी आदेश के बगैर प्रशासन भी इसमें पंगु नजर आया। धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला होने के कारण उसके भी हाथ पैर बंधे थे। गंगाघाट के पास पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो उदघोषणा की औपचारिकता निभाता रहा। श्री राजीव लोचन मंदिर, कुलेश्वर महादेव मंदिर, लोमस ऋषि आश्रम, सोनतीर्थ घाट सहित अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से देर शाम तक लगी रही और यहां भी कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं किया गया। कुलेश्वर महादेव मंदिर और राजीव लोचन मंदिर में सर्वाधिक भीड़ रही। इन मंदिरों में दर्शन पूजन करने लंबी लाइन लगी रही और लोग घंटों एक दूसरे से चिपककर खड़े रहे, वो भी बिना मास्क के। हालांकि मंदिरों के पुजारी बार-बार अनाउंस कर मास्क लगाने की अपील करते रहे लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ।

