नई दिल्ली। देश में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू होती नजर आ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना संक्रमित 90 हजार मरीज सामने आए हैं, जो कि पिछले छह महीने के दौरान एक दिन में मिलने वाले मरीजों के लिहाज से सर्वाधिक है। इतना ही नहीं, बीते 24 घंटे में 700 से ज्यादा लोग इस महामारी के चलते दम तोड़ चुके हैं। कोरोना के बढ़ते कहर को देखते हुए महाराष्ट्र के पुणे समेत देश के कई हिस्सों में आज स्मार्ट लॉकडाउन लगाया गया है। केंद्र और राज्य सरकारों ने लोगों से अपील की है कि कोरोना की गाइडलाइंस का पालन करें ताकि इस महामारी को फैलने से रोका जा सके।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शनिवार को बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 89,129 नए मरीज सामने आए, जबकि 714 लोगों की मौत कोरोना के चलते हो गई। कोरोना को मात देकर स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 44,202 रही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले साल 20 सितंबर को 92,605 संक्रमित मरीज मिले थे, जिसके बाद अब पहली बार संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 90 हजार के पास पहुंचा है। पिछले 24 दिनों से सक्रिय मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। वर्तमान में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 6,58,909 हैं।
