नई दिल्ली। कोरोना संकट की भयावहता को देखते हुए वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है. उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में लोग वैक्सीनेशन करा भी चुके हैं. लेकिन फिरोजाबाद के कई सरकारी विभाग ऐसे हैं, जहां कर्मचारियों ने अब तक वैक्सीन नहीं लगवाई है तो वहां के जिलाधिकारी ने फरमान जारी कर दिया कि 3 दिन में टीकाकरण का प्रमाण पत्र जमा कराओ वरना सैलरी नहीं मिलेगी.
फिरोजाबाद के जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह को यह सूचना मिली थी कि कई ऐसे विभाग हैं जिनमें कर्मचारियों ने अभी तक वैक्सीनेशन नहीं कराया है, इसको लेकर डीएम ने एक आदेश जारी कर दिया कि जिस सरकारी कर्मचारी या अधिकारी ने अभी तक वैक्सीनेशन नहीं कराया उसको मई महीने का वेतन नहीं मिलेगा.
लेटर जारी होते ही मचा हड़कंप
इस आदेश के अनुसार जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉक्टर प्रभा शंकर ने एक लेटर जारी किया, जिसमें कहा गया कि सभी कर्मचारी अपना कोविड प्रमाण पत्र 3 दिन के अंदर अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में प्रस्तुत करें. इस लेटर के जारी होते ही सभी अधिकारी और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और वैक्सीन लगवाने पहुंचने लगे.
कई कर्मचारियों ने वैक्सीन भी लगवा ली. जब इस बारे में मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौड़ से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने आदेश दिया है कि जिन कर्मचारियों ने वैक्सीनेशन नहीं कराया है उन्हें वेतन नहीं मिलेगा.
