वैसे तो खाने में सलाद का एक अलग ही महत्व है, लेकिन किसे पता था कि यह सलाद एक हंसते खेलते परिवार को तबाह कर देगा। हुआ यूं कि उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक व्यक्ति ने भोजन के साथ सलाद नहीं देने पर अपनी पत्नी और बेटे पर हमला कर दिया जिसमें उसकी पत्नी की मौत हो गयी जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार यह घटना तब हुई जब शामली जिले के जलालपुर गांव में भोजन के साथ सलाद नहीं देने पर मुरली सिंह नामक एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी सुदेश पर कुदाल से हमला कर दिया। मां को बचाने का प्रयास कर रहा उसका 20 साल का बेटा अजय इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। जलालपुर गांव के बाबरी पुलिस थाना के प्रभारी नेम चंद ने बताया कि मुरली सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस फरार मुरली की तलाश कर रही है।
