रायपुर। आगामी विश्व पर्यावरण दिवस तथा विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जनमानस में पर्यावरण संरक्षण तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता लाने के उद्देश्य से प्रगति ग्रीन संस्था तथा मोवा बैडमिंटन लीग (एमबीएल) के संयुक्त तत्वावधान में विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली सुबह 6 बजे शुभकामना हास्पिटल दुबे कालोनी मोवा से प्रारंभ होकर दलदल सिवनी, सड्ढू, उरकुरा, डब्ल्यूआरएस कालोनी कांपा होते हुए वापस मोवा में समाप्त हुई। इस दौरान एमबीएल के अनीश शर्मा एवं सजी थामस ने खेलों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। वहीं प्रगति ग्रीन के मोहन साहू, गजेन्द्र ठाकुर, विनय साहू ने जनता से आग्रह किया कि वर्तमान परिदृश्य में पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझते हुए अधिकाधिक संख्या में वृद्ध लगाएं। कार्यक्रम के पश्चात आनंद शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में टीकम वर्मा, तेजशंकर जंघेल, सुरेन्द्र पटले, गुरविंदर संधु, संदीप सिंघानिया एवं अनिल पटेल प्रमुख रुप से उपस्थित थे।
