भारतीय जन संचार संस्थान की लाइब्रेरी का नाम बदल गया। यह पुस्तकालय अब पं. युगल किशोर शुक्ल ग्रंथालय एवं ज्ञान संसाधन केंद्र के नाम से जाना जाएगा। हिंदी पत्रकारिता के पुरोधा एवं प्रवर्तक पं. युगल किशोर शुक्ल के नाम पर यह देश का पहला स्मारक होगा। पुस्तकालय के नामकरण के मौके पर आईआईएमसी द्वारा 17 जून को हिंदी पत्रकारिता की प्रथम प्रतिज्ञा: हिंदुस्तानियों के हित के हेत विषय पर एक विशेष विमर्श का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के साहित्य जगत की बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। उपस्थित विद्वान अपने विचार रखेंगे। आईआईएमसी के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने कहा कि इस वेबिनार में दैनिक जागरण (दिल्ली-एनसीआर) के संपादक विष्णु प्रकाश त्रिपाठी मुख्य अतिथि होंगे एवं पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विजयदत्त श्रीधर मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल होंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट वक्ताओं के रूप में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की निदेशक डॉ. सोनाली नरगुंदे,पुड्डुचेरी विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. सी. जय शंकर बाबू, कोलकाता प्रेस क्लब के अध्यक्ष स्नेहाशीष सुर एवं आईआईएमसी, ढेंकनाल केंद्र के निदेशक प्रो. मृणाल चटर्जी अपने विचार व्यक्त करेंगे।

