उत्तर प्रदेश के संभल से प्यार और उसके लिए हत्या का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. दरअसल यहां 8 बच्चों के पिता ने साली से शादी के चक्कर में धारदार हथियार से अपनी पत्नी की गर्दन काट दी. वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बीते 10 जून को संभल के असमोली इलाके के एक खेत से पीडि़ता की बॉडी को बरामद किया था. जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी पति अटार सिंह को गिरफ्तार किया. संभल के एसपी चक्रेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने खुद इस मामले में पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी. लेकिन जांच टीम को शुरुआत से ही पीडि़त महिला के पति के ऊपर शक था. वारदात में इस्तेमाल हुआ हथियार भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी अटार सिंह के उसकी पत्नी की बहन यानी साली से अवैध संबंध थे. जिसका विरोध उसकी पत्नी जोगेंद्र देवी बार-बार कर चुकी थी. साली से शादी करने के रास्ते में रोड़ा बनी पत्नी को हटाने के लिए आरोपी ने उसकी हत्या कर दी. आरोपी ने सोचा था कि पत्नी की मौत के बाद उसके ससुराल वाले बच्चों की देखभाल के मद्देनजर साली से उसकी शादी के लिए मान जाएंगे. पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार करके कोर्ट के सामने पेश किया, कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है. हम मामले की जांच कर रहे हैं. घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
