
नई दिल्ली। सोशल मीडिया ऐप्प क्लब हाउस में सैकड़ों लोगों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ संवाद किया। इस दौरान देश के प्रतिष्ठित मीडिया व वरिष्ठ पत्रकारों के सवालों का मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बेबाकी के साथ जवाब दिया। चर्चा के दौरान माओवाद की समस्या, छत्तीसगढ़ में विकास, देश के राजनीतिक परिदृश्य आदि विषयों पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। प्रदेश में नक्सली समस्या पर श्री बघेल ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में लड़ाई जल, जंगल, जमीन की है। छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासियों को जमीन देना चाह रही है, लेकिन नक्सली नहीं चाहते कि किसी आदिवासी को शासकीय पट्टा मिले। समस्याओं को लेकर आदिवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से बात की जा रही है। राज्य के विकास के सवाल पर श्री बघेल ने जवाब देते हुए कहा हमने सबसे पहले राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की नीति बनाई। सरकार बनने के बाद किसानों का 9 हजार करोड़ की ऋण माफ किया है। छत्तीसगढ़ सरकार देश की एक मात्र सरकार है जो 2500 रुपये क्विंटल धान की खरीदी किसानों से करती है। केंद्र के अड़ंगे के बावजूद हमने किसानों को उनका हक दिया। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से किसानों को अनुदान दिया गया। प्रदेश में 52 प्रकार के वनोपज खरीदे जा रहे हैं। किसान गोधन न्याय योजना के द्वारा 47 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की है।