रायपुर। राजधानी रायपुर के बूढ़ातालाब में वाटर स्पोटर्स मामले में हाईकोर्ट ने कड़ी टिप्पणी की है। हाईकोर्ट द्वारा कहा गया कि छत्तीसगढ़ में कोई स्मार्ट सिटी नहीं है। उक्त टिप्पणी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस प्रशांत मिश्रा ने मंगलवार को सुनवाई के दौरान की। आपको बता दे कि स्वामी विवेकानंद सरोवर बूढातालाब रायपुर में वाटर स्पोर्ट्स के दोबारा टेंडर करने को लेकर एमएमपी वाटर स्पोर्ट्स द्वारा बिलासपुर हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई है। याचिका में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अलावा रायपुर नगर निगम और रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को भी पक्षकार बनाया गया था। बूढ़ातालाब रायपुर में वाटर स्पोर्ट्स का टेंडर पूर्व में एम.एम.पी वाटर स्पोर्टस् को दिया गया था, लेकिन कतिपय आधारों पर बाद में इसका दोबारा टेंडर निकाले जाने पर एमएमपी वाटर स्पोर्ट्स ने हाईकोर्ट बिलासपुर में याचिका लगाई गई थी जिस पर मंगलवार को सुनवाई हुई। मामले में स्मार्ट सिटी रायपुर, नगर निगम रायपुर और वाटर स्पोर्ट्स से जुड़े तथ्यों पर बहस के दौरान जस्टिस प्रशांत मिश्रा ने यह टिप्पणी कर दी कि यहां कोई स्मार्ट सिटी नहीं है।
