राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि यहां दो बेटियों ने मिलकर अपने 45 साल के सगे पिता की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी. वारदात के बाद से इलाके में सनसनी मची हुई है. पुलिस के मुताबिक, मृतक पिता अक्सर अपनी दोनों बेटियों और उनकी मां के साथ मारपीट करता था. वह उन्हें गंदी-गंदी गालियां भी देता था. इस वजह से दोनों आरोपी लड़कियां बहुत परेशान थीं. बता दें कि यह वारदात राजनांदगांव के अंबागढ़ थाना इलाके के बेलारगोंडी गांव में मंगलवार देर रात को हुई. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक सहदेव एक शराबी था. वह शराब पीने के बाद अपनी पत्नी और बेटियों के साथ मारपीट करता था. उसकी बेटियों की उम्र 14 और 16 है. दोनों नाबालिग हैं. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात को भी सहदेव शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी को मारने लगा. जब बेटियों ने अपनी मां को बचाने की कोशिश की तब पिता कुल्हाड़ी लेकर उन दोनों की तरफ दौड़ पड़ा. इसके बाद दोनों बेटियों ने मिलकर पिता के हाथ से कुल्हाड़ी छीन ली और उसके ऊपर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए. दोनों बेटियों ने कुल्हाड़ी से तब तक अपने पिता को मारा, जब तक उसकी जान नहीं निकल गई. वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने दोनों आरोपी लड़कियों को हिरासत में ले लिया है. उनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है.
