
रायपुर। यदि आप भी अपने परिवार की सुरक्षा की परवाह करते है तो यह खबर काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि हम जो बताने जा रहे है वह आपके परिवार की सुरक्षा के साथ ही आपकी भी सुरक्षा से जुड़ी हुई है। यदि आपके घर भी कोई कोरोना वैक्सीन चेंकिग करने के नाम पर आये तो सतर्क हो जाइये। क्योंकि इन दिनों राजधानी रायपुर में कोरोना वैक्सीन के नाम पर लूट की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। इन वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह को हेलमेट गैंग के नाम से जाना जाता है। कुछ ऐसा ही लूट की वारदात राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में हुई जहां परिजनों को घर में बंधक बनाकर की गई। डीडी नगर इलाके में हेलमेट गैंग दंपति ने कोरोना वैक्सीन की चेकिंग के नाम पर लूट की वारदात की है। आरोपियों दंपति ने घर के परिजनों को बंधक बनाकर 4 लाख रुपए के जेवर समेत नगदी लेकर फरार हो गए। सालासर ग्रीन्स सोसाइटी की ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई जो अब वायरल हो रही है। आरोपी हेलमेट पहने घर में दाखिल हुए थे। बहरहाल पुलिस अब इस मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।