रायपुर। डीजल-पेट्रोल के दामों में तेजी से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए बस ऑपरेटरों ने किराया बढ़ाने की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह बस ऑपरेटरों द्वारा बस रैली निकाली गई जिसे केनाल रोड पर रोक दिया गया। इस दौरान पुलिस के साथ झूमाझटकी होने की भी खबर मिली है। इस दौरान बस ऑपरेटरों ने 13 जुलाई से प्रदेश भर में बसें नहीं चलाने का निर्णय लिया और कहा गया है कि यदि मांगें पूरी नही हुई तो 14 जुलाई को खारून में जल समाधि लेंगे। आपको बता दें कि किराया बढ़ाने और ऑफ रोड बसों की टैक्स माफी की मांग को लेकर बस ऑपरेटर्स ने मोर्चा खोल दिया है। बस ऑपरेटर्स ने आज बस रैली निकालकर जनप्रतिनिधियों को जगाने की कोशिश की है। ऑपरेटर्स ने 13 जुलाई से बसें नहीं चलाने का ऐलान किया है। बस ऑपरेटर्स पेट्रोट-डीजल के लगातार बढ़ते दामों के बाद लंबे समय से यात्री बसों का किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर गुरुवार को बसों की रैली निकालने की अनुमति मांगी है। बस रैली के बाद 12 जुलाई को बूढ़ातालाब रायपुर में एक दिवसीय महाधरना दिया जाएगा। 13 जुलाई को पूरे प्रदेश की बस अनिश्चितकाल के लिए खड़े कर दिए जाएंगे। इसके बाद भी यदि मांगे नहीं मांगी गई तो 14 जुलाई को खारून नदी में प्रदेश के सभी बस ऑपरेटर जल समाधि लेंगे।
