आजादी…यह शब्द अपने आप में एक सुकुन देने वाला शब्द है, यहां हर कोई आजाद रहना चाहता है, किसी के बंधन में नहीं रहना चाहता। सैकड़ों वर्षों के संघर्ष और बलिदान के बाद आजादी मिली है, लेकिन कुछ ऐसी घटनाएं हो जाती है जिसे देखकर लगता है कि यह कैसी आजादी…? जी हां, कुछ इसी तरह की घटना पाकिस्तान में सामने आई है जहां आजादी के जश्न के दौरान एक लड़की से सरेआम छेडख़ानी की गई, इतना ही नहीं युवकों की भीड़ द्वारा लड़की को हवा में उछाला गया और उसके कपड़े भी फाड़ डाले गये। बताया जाता है कि पीडि़त लड़की स्वतंत्रता दिवस पर वीडियो बनाने के समारोह स्थल पर गई थी। पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक मीनार-ए-पाकिस्तान पर एक यूट्यूबर लड़की को परेशान करने और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में लाहौर पुलिस ने 400 लोगों पर केस दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने ये कार्रवाई की। वीडियो में प्रधानमंत्री इमरान खान और पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार से कार्रवाई करने की मांग की गई थी। घटना 14 अगस्त को हुई थी जब सैकड़ों युवा मीनार-ए-जश्न पाकिस्तान के पास आजादी चौक पर आजादी का जश्न मना रहे थे। वीडियो में सैकड़ों युवक एक लड़की को हवा में उछालते, घसीटते, उसके कपड़े फाड़ते और छेडख़ानी करते देखे जा सकते हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, मंगलवार को वीडियो वायरल होने बाद पुलिस ने खुद लड़की से प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा था। उन्होंने बताया कि लड़की दहशत में थी और आपबीती सुनाते हुए रोने लगी। लड़की ने एफआईआर में कहा कि वह और उसके यूट्यूब चैनल के छह अन्य सदस्य स्वतंत्रता दिवस का वीडियो बनाने के लिए आजादी चौक गए थे। उसने कहा, जब हम वीडियो शूट कर रहे थे, तभी बड़ी संख्या में युवक आए और उन्होंने छेडख़ानी शुरू कर दी। इसके बाद और लोग आए। मुझे परेशान करता देख मीनार-ए-जश्न पाकिस्तान के सुरक्षा कर्मी ने सेंट्रल गेट खोल दिया और मैं पार्क के अंदर आ गई तथा मेरे पीछे संदिग्ध भी आ गए। उन्होंने मेरे कपड़े फाड़ दिए और अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने मुझे उछाला और खींचा। उन्होंने मेरी टीम के सदस्यों को भी पीटा और अपशब्द कहे। लड़की ने कहा कि घटना के दौरान उसका फोन, सोने की अंगूठी और 1,50,000 पाकिस्तानी रुपये भी छीन लिए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि वीडियो फुटेज की सहायता से संदिग्धों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें भी हैं कि लड़की पाकिस्तानी और भारतीय दोनों झंडे लेकर गई थी और दोनों देशों के स्वतंत्रता दिवस से जुड़ा एक टिकटॉक वीडियो बनाना चाहती थी। भीड़ में से किसी ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद यह घटना हुई। हालांकि, पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों की पुष्टि नहीं की है।
यह कैसी आजादी…?, जश्न के दौरान सरेआम लड़की से छेड़छाड़, उछाले गये हवा में, फाड़ डाले गये कपड़े, सैकड़ों पर जुर्म दर्ज
chhattisgarhrajya.com
ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
Important Page
© 2025 Chhattisgarhrajya.com. All Rights Reserved.
