यदि आप नौकरीपेशा लोगों की श्रेणी में आते हैं तो आगे की खबर आपके काम की है. जी हां…अगले महीने अक्टूबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है जिसे जानना आपके लिए बहुत जरूरी है. केंद्र की मोदी सरकार (Modi govt) एक अक्टूबर से श्रम कानून के नियमों (New Wage Code) में बदलाव करने का मन बना रही है. यदि यह नियम लागू हो जाता है तो एक अक्टूबर से आपको अपने ऑफिस में ज्यादा वक्त देना होगा. नए श्रम कानून की बात करें तो इसमें 12 घंटे काम करने की बात कही गई है. यही नहीं आपकी इन हैंड सैलरी पर भी इस कानून का असर पड़ता नजर आएगा. यहा आइए आपको बताते हैं कि नया लेबर कोड आपको कैसे प्रभावित कर सकता है.
अक्टूबर की पहली तारीख से सैलरी पर पड़ेगा असर : यदि आपको याद हो तो सरकार नये लेबर कोड में नियमों को 1 अप्रैल, 2021 से ही लागू करना चाहती थी, लेकिन राज्यों की तैयारी नहीं थी, साथ ही कंपनियों को एचआर पॉलिसी (HR Policy) बदलने के लिए ज्यादा समय देने के कारण इसे टालने का काम किया गया. लेबर मिनिस्ट्री (Labour Ministry) की मानें तो सरकार लेबर कोड के नियमों को 1 जुलाई से नोटिफाई करना चाहती थी लेकिन राज्यों ने इन नियमों को लागू करने के लिए और वक्त की डिमांड की. इसके बाद 1 अक्टूबर तक के लिए इसे टाल दिया गया. अब खबरें हैं कि लेबर मिनिस्ट्री और मोदी सरकार लेबर कोड के नियमों को 1 अक्टूबर तक नोटिफाई करने का मन बना रही है.

