एक कहावत है जाको राखे साइयां मार सके ना कोय। ब्राजील से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक शख्स पर लुटेरों ने गोली चला दी। लेकिन गोली उसकी जेब में रखे मोबाइल में जा लगी और उसकी जान बच गई। इस घटना से संबंधित मोबाइल की तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसमें दिख रहा है कि कैसे मोबाइल की स्क्रीन ने उस शख्स की जान बचा ली। दरअसल, यह घटना ब्राजील के एक शहर पेट्रोलीना की है। डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस शख्स को लुटेरों ने गोली मार दी और पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गए। शख्स को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पाया कि पीड़ित के कूल्हे पर गोली से थोड़ी सी खरोंच आई है। लेकिन वे यह जानकार हैरान रह गए कि गोली शख्स के शरीर में नहीं गई। रिपोर्ट के मुताबिक शख्स पर हुए हमले के बाद सबको यही लगा कि उसे गोली लग चुकी है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ था। शख्स के मोबाइल फोन ने ढाल की तरह काम करते हुए बुलेट को रोक लिया था। बताया गया कि जब गोली चलाई गई तो वह सीधा मोबाइल के स्क्रीन पर लगी और वहीं से तिरछाकर गोली छिटक गई। इसी वजह से गोली शख्स को नहीं लगी। जिस अस्पताल में शख्स को भर्ती कराया गया उसके डॉक्टर ने उसके मोबाइल की तस्वीरें और घटना की जानकारी ट्विटर पर शेयर की हैं। उन्होंने लिखा कि गोली लगने के बाद शख्स को भर्ती कराया गया था। किस्मत से गोली उसके फोन में ही अटक गई। डॉक्टर ने पुष्टि की कि मामूली चोट के साथ दर्द था। फिलहाल शख्स को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस शख्स की कहानी जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोग हैरान रह गए। लोगों ने बताया कि यह कहानी तो पूरी तरह फिल्मी लग रही है। किसी ने मोबाइल बनाने वाली कंपनी की भी तारीफ की। रिपोर्ट में इस बात का जिक्र है कि उस शख्स पर गोली बदमाशों ने इसलिए चलाई क्योंकि वहां डकैती हो रही थी।
Previous Articleछत्तीसगढ़ के इस जिले में थमी कोरोना की रफ्तार
Next Article राज्यपाल ने दुर्गा नवमी के अवसर पर कन्या पूजन किया
Related Posts
chhattisgarhrajya.com
ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
Important Page
© 2025 Chhattisgarhrajya.com. All Rights Reserved.

