राजस्थान में शनिवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजस्थान में रविवार शाम 4 बजे मंत्रिमंडल का विस्तान हो सकता है। ऐसे में शनिवार को पहले 3 मंत्रियों ने पद से इस्तीफा दिया था और शाम होते-होते सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। माना जा रहा है कि रविवार दोपहर 2 बजे कांग्रेस के सभी विधायक पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे और फिर शाम को 4 बजे राजभवन में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।
गहलोत-पायलट के बीच हुई सुलह
राजस्थान विवाद को सुलझाने के लिए स्वयं कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी को आगे आना पड़ा और फिर उन्होंने एक-एक करके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से मुलाकात की और सुलह का रास्ता तैयार किया। माना जा रहा है कि अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच सुलह हो चुकी है। इसी के चलते सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया और अब नए सिरे से रविवार को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में शनिवार को मंत्रिमंडल हुई। सूत्रों ने बताया कि बैठक शाम करीब 6.50 बजे शुरू हुई। इस बैठक के बाद सभी मंत्रियों ने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि नए मंत्रियों के नाम पर सहमति बन चुकी है। वहीं एक कार्यक्रम में अशोक गहलोत ने चुटकी लेते हुए कहा कि हम सबको इंतजार है लॉटरी खुलने का।

