मुंबई। कानपुर का कुख्यात अपराधी विकास दुबे शुक्रवार सुबह एनकाउंटर में मारा गया। विकास की मौत को लेकर राजनीतिक पार्टियां जहां अपने सियासी दांव खेल रहे हैं। वहीं बॉलीवुड जगत दुबे के एनकाउंटर की कहानी पर ही तंज कस रहे। ट्विटर पर अभिनेत्री तापसी पन्नू ने लिखा, वाह! हमें उम्मीद नहीं थी! यह सब !! और फिर लोग कहते हैं कि हमारी बॉलीवुड की कहानियां वास्तविकता से बहुत दूर हैं। एक अन्य अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने पोस्ट किया, कोई भी व्यक्ति यह कहेगा कि फिल्में हकीकत से बहुत दूर होती हैं। क्या यह फिल्मी नहीं है? वहीं फिल्म निर्माता हंसल मेहता ने प्रतिक्रिया व्यक्त की, इन कहानियों को एक नई स्क्रिप्ट की आवश्यकता है। फिल्म मेकर विवेक अग्निहोत्री लिखते हैं, विकास दुबे की संयोगवश मुठभेड़ साबित करती है कि पुलिस और प्रशासन को भी न्यायपालिका पर कोई भरोसा नहीं है। क्योंकि न्यायपालिका इतनी धीमी है कि हमने व्यक्तिगत न्याय की प्रणाली तैयार कर ली है। डकैतों, नक्सली, गैंगस्टर और यहां तक कि पुलिस भी इस पर विश्वास करती है। अभिनेत्री अहाना कुमरा ने ट्वीट किया, यूपी पुलिस को विकास दूबे एनकाउंटर के लिए एक बेहतर स्क्रिप्ट और निर्देशक मिलना चाहिए। वहीं मोहम्मद जीशान ने लिखा, कहानी तो पहले ही प्रिडिक्ट की जा चुकी थी, लोग इतना हैरान क्यों हैं? (एजेंसी)
