पांडुका। छुरा विकास खंड के ग्राम पंचायत कूकदा में वार्षिक मड़ई मेला का आयोजन बहुत धूमधाम से किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत छुरा के युवा उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा थे। सर्वप्रथम ग्रामवासियों द्वारा अतिथियों का बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वल्लित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा ने छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले मड़ई मेलों की आवश्यकता व महत्व पर सारगर्भित उद्बोधन देते हुए कहा कि हमारे राज्य के मड़ई का इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना है। बोलचाल की सामान्य भाषा में मड़ई शब्द का अर्थ मेलजोल व भेंट से होती है। मड़ई हमारी संस्कृति की विरासत है जिसे हम एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक हस्तांतरित करते हुए चले आ रहे हैं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी सचिव गजेंद्र साहू, ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी राजू निषाद, ग्राम पंचायत सरपंच, पंच और वरिष्ठ ग्रामीणजनों के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

