रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित समस्त कृृषि महाविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रों एवं अन्य संस्थानों में राष्ट्रीय युवा दिवस ऑनलाइन माध्यम से मनाया गया। कृषि महाविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. एस.एस. सेंगर के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। आज राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा विश्वविद्यालय में वाद- विवाद प्रतियोगिता ” सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव युवा पीढ़ी की प्रगति में बाधक” एवं भाषण प्रतियोगिता “देश के वैचारिक और बौद्धिक विकास में स्वामी विवेकानंद जी की भूमिका” विषय पर आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेकर अपने विचारों को व्यक्त किया। इस उपलक्ष में स्वामी विवेकानंद जी के दिए गए उपदेशों और संघर्षों को स्मरण किया गया जो की आज के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। कुलपति ने बताया कि आज के युवाओं को विवेकानंद जी के दिखाए हुए रास्तों और शिक्षाओं पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने ये भी बताया कि आज के युवाओं को ऐसे वातावरण में रहने की जरूरत है जो केवल उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से ही नहीं बल्कि सांसारिक रूप से भी उन्नति और विकास करने में सहायता करें। विद्यार्थियों को अपना उद्देश्य याद करके उसे पूरा करने का उर्जा देते हुए अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय रायपुर डॉ एम. पी. ठाकुर जी ने कहा कुछ भी असंभव नहीं हैं विद्यार्थी चाहे तो आसमान की ऊंचाइयों को भी छू सकते हैं। इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलसचिव, श्री जी. के. निर्माम; कृषि महाविद्यालय रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. एम. पी. ठाकुर, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. (मेजर) जी.के. श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पी.के. सांगोड़े, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पी.एल. जॉनसन एवं डॉ. सुबुही निषाद सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। साथ ही इस कार्यक्रम में खाद्य प्रौद्योगिकी के अधिष्ठाता डॉ. एम. पी. त्रिपाठी, डॉ. आर. एन. गांगुली (प्राध्यापक, कीट विज्ञान),डॉ. एम. एल. लखेरा (विभागाध्यक्ष, कृषि सांख्यिकी) भी उपस्थित थे।

