पुलिस चौकी से महज 600 मीटर की दूरी पर एक महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आपको बता दें कि राजस्थान में अलवर किशोरी के दुष्कर्म प्रकरण की जांच अभी थमी भी नहीं थी कि यह मामला सामने आ गया। यह घटना गुरुवार दोपहर को हुई जिसके बाद पुलिस अधिकारी और एफएसएल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीडि़त महिला का मेडिकल कराया और बयान लिए। यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में दो में से एक आरोपी को हिरासत में भी लिया है। उदयपुर एसपी मनोज कुमार को पीडि़ता ने गुरुवार को रिपोर्ट दी कि वह अपने गांव जा रही थी। बाइक पर तीन युवक आए और उसमें से दो उतरे, तीसरा बाइक लेकर चला गया। दोनों युवक पकड़कर रास्ते के खेत की तरफ लेकर गए और दुष्कर्म किया। फिर उनसे छूटकर वह किसी तरह भागी। एसपी ने कहा है कि रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है और जांच चल रही है। घटना की रिपोर्ट के बाद एफएसएल प्रभारी अभय प्रताप सिंह को बुलाया तो वह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर महिला की ओढऩी और युवक की हाथ घड़ी मिली है। यह भी सामने आया कि एक युवक ने महिला को पकड़ा और मारपीट भी की, फिर दुष्कर्म किया। मौके पर खेत की गिली मिट्टी होने के कारण पैरों के काफी निशान भी बने हुए हैं। यह भी सामने आया कि पानी पीने के बहाने महिला आरोपियों के चंगुल से भागी और पुलिस चौकी पहुंची। पुलिस वहां पहुंचती उससे पहले आरोपी फरार हो गए। इधर पुलिस टीमें मामले से जुड़े एक आरोपी को तो हिरासत में ले लिया है लेकिन अन्य की तलाश कर रही है।

