इन दिनों अजीब तरह का विरोध चल रहा है और मीडिया की सुर्खियां बन रहा है. दरअसल राजस्थान के करौली जिले में मीणा समाज के लोग कुछ कारोबारियों का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे आई लव यू लिखी साड़ी बेच रहे हैं. विरोध करने वाले लोगों का कहना है कि कारोबारी अपने मुनाफे के लिए स्थानीय संस्कृति को बर्बाद कर रहे हैं. इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला. रिपोर्ट के मुताबिक, इलाके में पिछले कुछ दिनों से एक खास तरह की साड़ी बिक रही थी. इस साड़ी पर आई लव यू लिखा था. जब इलाके में यह खबर फैली कि कुछ कारोबारी ऐसी साडिय़ां बेच रहे हैं, जिस पर आई लव यू लिखा है तो इसके बाद मीणा समाज के लोग एकजुट होकर इन कारोबारियों के विरोध में उतर गए. उनका कहना है कि एक तरफ सरकार बेटियों की सुरक्षा, उनके सम्मान और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए तमाम कोशिशें कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह की हरकत से लड़कियों का मनोबल टूट रहा है. वह यहां की संस्कृति को खराब नहीं होने देंगे. विरोध में लोगों ने सड़कों पर जाम तक लगा दिया. इसके बाद इन लोगों ने कपड़ा कारोबारियों के साथ एक बैठक की. इसमें सहमति बनी कि आगे से कोई भी कारोबारी इस तरह की साड़ी नहीं बेचेगा. बैठक में कारोबारियों ने माफी भी मांगी और भरोसा दिलाया कि आगे से इस तरह की गलती नहीं की जाएगी. कोई भी दुकानदार ऐसा कुछ नहीं करेगा जिससे यहां कि संस्कृति को नुकसान पहुंचे.

